देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आज होली पर्व के उपलक्ष्य में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रंग, उमंग और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजपुर विधायक खजान दास, विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा व महामंत्री योगेश सेमवाल ने संयुक्त रूप से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात होलिका दहन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खजान दास ने कहा कि होलिका दहन असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अहंकार पर आस्था की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम और सौहार्द का संदेश देने वाला उत्सव है। हमें इस पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि होलिका दहन हमें यह प्रेरणा देता है कि हम अपने भीतर की नकारात्मकता, द्वेष और अहंकार को जलाकर नई ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और सहयोग की भावना को और अधिक बल मिलता है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब परिवार हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परंपराओं को संजोते हुए होलिका दहन का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में शांति, समृद्धि एवं सद्भाव की कामना की।
इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य मनबर सिंह रावत, मनमोहन लखेड़ा, मनोज जयाडा के साथ ही वरिष्ठ सदस्य संदीप बडोला, कुलदीप नेगी, राजेश बहुगुणा, अभय कैन्तुरा, मौ. फहीम तन्हा, नारायण परगांई, संतोष चमोली, शहजाद पहाड़ी, सोबन सिंह परमार, कैलाश जोशी, योगेश शैली, पवन नेगी, दीप मैठाणी आदि उपस्थित रहे।

