WhatsApp Image 2026-02-28 at 9.52.23 PM

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास पर पारंपरिक रंगों के साथ मना होली मिलन समारोह

देहरादून: काबीना मंत्री गणेश जोशी (Ganesh Joshi) द्वारा होली के पावन अवसर पर हाथीबड़कला स्थित अपने आवास में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने मंत्री गणेश जोशी को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और एक-दूसरे को रंगों के इस पर्व की बधाई दी।

होली मिलन समारोह में कुमाऊँनी और गढ़वाल के राठ होलियारों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। खड़ी होली की पारंपरिक धुनों पर गाए गए फाग गीतों ने वातावरण को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे होलियारों, छोलिया नृतकों तथा मसकबीन व ढोल-दमाऊँ की गूंजती थापों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी होलियारों के साथ फाग गाकर एवं नृत्य कर कार्यक्रम का आनंद लिया। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारी लोकसंस्कृति और परंपराएँ ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। काबीना मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता को अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि होलिका दहन हमें बुराइयों के अंत और अच्छाइयों की विजय का संदेश देता है। इसलिए हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि इस होली पर अपने भीतर की दुर्भावनाओं, ईर्ष्या और कटुता को समाप्त कर समाज में प्रेम और सौहार्द का वातावरण बनाएँ।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तरोत्तर प्रगति की कामना करते हुए कहा कि यह होली सभी के जीवन में खुशियों के नए रंग भर दे। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हुए आपसी सद्भाव और उल्लास के साथ होली पर्व मनाया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *