दिल्ली मैराथन में भागीरथी बिष्ट ने जीता रजत पदक, उत्तराखंड का बढ़ाया मान

चमोली: दिल्ली मैराथन के 11वें संस्करण में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली धाविका भागीरथी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में 24 वर्षीय भागीरथी ने 2 घंटे 43 मिनट का समय लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और प्रदेश सहित चमोली जनपद का नाम रोशन किया। रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया।

कड़े मुकाबले के बीच चमोली जिले के वाण गांव की निवासी भागीरथी ने बेहतरीन रणनीति, संतुलित गति और धैर्य का परिचय देते हुए सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। भागीरथी की इस उपलब्धि से जनपद चमोली और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

भागीरथी के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने पूरी दौड़ के दौरान संयम और आत्मविश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद भागीरथी ने अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए रेस पूरी की। उल्लेखनीय है कि वह पूर्व में ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं तथा देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से पहचानी जाने वाली भागीरथी बिष्ट वर्तमान में पौड़ी जनपद स्थित रासी स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मैराथन स्पर्धा में पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *