देहरादून: उत्तराखंड राज्य को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) के भाग-IX “वित्तीय प्रबंधन में दक्षता के लिए राज्यों को प्रोत्साहन” के तहत 350 करोड़ रुपये की मोटी राशि स्वीकृत हो गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हार्दिक धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह राशि राज्य की मजबूत वित्तीय रणनीति, पारदर्शी प्रशासन और राजकोषीय अनुशासन का फल है। उन्होंने उल्लेख किया कि उत्तराखंड ने कर संग्रह में उछाल, व्यय पर कड़ा नियंत्रण, डिजिटल पेमेंट सिस्टम को मजबूत करने और बजट प्रबंधन में क्रांतिकारी सुधार किए हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल बन चुके हैं।
पहले भी खनन क्षेत्र में ई-टेंडरिंग, ऑनलाइन मॉनिटरिंग और परिवहन विभाग के सुधारों के लिए केंद्र से प्रोत्साहन मिल चुका है। धामी ने इसे सुधार-केंद्रित शासन का प्रमाण बताते हुए कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुशासन और विकास के नए आयाम रच रहा है। यह प्रोत्साहन हमारी विकास योजनाओं को रफ्तार देगा।”
‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर चलते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के टॉप राज्यों की फेहरिस्त में लाने के लिए कटिबद्ध है। यह राशि पूंजीगत परियोजनाओं को बल प्रदान करेगी।

