IMG-20260628-WA0509-scaled

युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री

रुड़की /देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और उद्यम के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। वहीं 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार और निवेश के अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, आधुनिक आईटी लैब, महिला छात्रावास, परीक्षा भवन तथा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड में लागू सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।

सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर उन्होंने कहा कि साइबर सेल सक्रिय रूप से निगरानी कर रही है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा एआई और ड्रोन आधारित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *