टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी गढ़वाल में स्टेट मिलेट मिशन योजना 2026-27 के अंतर्गत मंडुवा खरीद का कार्य शुरू किया गया है। योजना के तहत किसानों से मंडुवा की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य 52.05 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जाएगी। खरीद का कार्य 01 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।जिला सहायक निबंधक, सहकारी समितियां टिहरी गढ़वाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ लिमिटेड (यूसीएफ), देहरादून क्रय एजेंसी के माध्यम से जनपद की 32 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के क्रय केंद्रों पर मंडुवा की खरीद की जा रही है।
किसान निर्धारित क्रय केंद्रों के माध्यम से अपनी उपज बेच सकेंगे। मंडुवा की खरीद ऑनलाइन ऐप के माध्यम से की जाएगी तथा उपज का भुगतान क्रय एजेंसी यूसीएफ द्वारा सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को उनकी कृषि उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना तथा मोटे अनाज के उत्पादन एवं उपयोग को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत मंडुवा सहित अन्य पारंपरिक कृषि उत्पादों के उत्पादन, खरीद और विपणन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे स्टेट मिलेट मिशन योजना का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में अपने नजदीकी सहकारी समिति के क्रय केंद्र पर मंडुवा विक्रय करें।

