देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। ग्राम खुशहालपुर और जस्सोवाला में संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई की जद में कुल 13 लोगों के अवैध निर्माण आए, जिनमें 10 ऐसे आरोपी शामिल हैं, जिनका आपराधिक इतिहास दर्ज है।
पुलिस के अनुसार चिन्हित आरोपियों पर मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। कई आरोपियों के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
सरकारी जमीन पर खड़े कर लिए थे आशियाने
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने जांच के बाद सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया। शनिवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में एक-एक कर अवैध निर्माणों को जमींदोज किया गया। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले कुछ आरोपियों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर भवन एवं अन्य निर्माण खड़े कर लिए थे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद इन निर्माणों को हटा दिया गया।
खुशहालपुर में सात के खिलाफ कार्रवाई
ग्राम खुशहालपुर में कार्रवाई की जद में आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद उर्फ मिर्ची, मोहसीन, फैजान और कौसर के अवैध निर्माण आए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इनमें कई आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से मुकदमे दर्ज हैं। आमिर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गौवंश संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं मेहराज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई का रिकॉर्ड है।
सलमान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी, गौवंश संरक्षण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। दिलशाद उर्फ मिर्ची के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं। इसी तरह मोहसीन के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। फैजान के खिलाफ भी गौवंश संरक्षण अधिनियम, चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास तथा गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मामलों का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस ने बताया है। कौसर के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
जस्सोवाला में भी चला बुलडोजर
ग्राम जस्सोवाला की बंगला बस्ती में भी पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां बिरजू, सूरज और सोहिन के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिरजू और सूरज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहिन के खिलाफ चोरी और बरामदगी से संबंधित मामला दर्ज है।
अपराधियों में मचा हड़कंप
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
