WhatsApp Image 2026-02-26 at 7.17.03 PM

28 फरवरी को चमोली, गोपेश्वर में आयोजित होगा विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम

देहरादून- मेरा युवा भारत चमोली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई पी0 जी0 कॉलेज गोपेश्वर के संयुक्त तत्वाधान से विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से सेमिनार हॉल, पी0 जी0 कॉलेज परिसर, गोपेश्वर में किया जा रहा है। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए उप निदेशक राहुल डबराल एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी दर्शन सिंह द्वारा अवगत कराया कि इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्‌देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

इस वर्ष युवा संसद का विषय “आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा (01 सितंबर 2025 तक) भाग लेने के पात्र होंगे। इच्छुक युवा निर्धारित तिथि को सीधे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर सहभागिता कर सकते हैं।

विकसित भारत युवा संसद 2026 युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने, समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर संवाद करने तथा नेतृत्व एवं वक्तृत्व कौशल विकसित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इस जिला स्तरीय आयोजन में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर 05 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा, जिसका आयोजन विधान सभा में किया जाएगा । इसके पश्चात प्रत्येक राज्य से 3 श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर का विकसित भारत युवा संसद 2026 संसद, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जो चयनित युवाओं के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक अवसर होगा। यह कार्यक्रम “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में युवाओं की भूमिका को सुदृढ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने भाग लेने के इच्छुक सभी युवाओं से अनुरोध कर अपील की है कि वे 28 फरवरी 2026 को एक पासपोर्ट साइज फोटो एवं पहचान पत्र की फोटोप्रति साथ लाकर सहभागिता सुनिश्चित करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *