कीर्तिनगर में आयोजित हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक(BDC Meeting)
टिहरी। कीर्तिनगर ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक(BDC Meeting) आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, विद्युत व्यवस्था, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं के संबंध में जानकारी देते हुए उनके समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया।
बिजली, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी समस्याएं उठाईं
बैठक(BDC Meeting) में कड़ाकोट पट्टी के ढूंढसिर क्षेत्र में विद्युत लाइनों की लॉपिंग-चॉपिंग कराने, खुली विद्युत लाइनों को सुरक्षित केबल से बदलने और पुराने विद्युत पोलों के स्थान पर नए पोल लगाने की मांग उठाई गई। यह मुद्दा क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन सिंह चौहान और ग्राम प्रधान धारकोट राम सिंह चौहान ने रखा। वहीं, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजाकोट अंजली चौहान ने बांसवाड़ा ग्रामसभा में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने आचरीकुंड क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न्यूली में आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया। जिला पंचायत सदस्य खोला-कड़ाकोट कविता देवी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धारी और ढूंढसिर में एंबुलेंस चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
सड़क मरम्मत, नालियों और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा
सड़क एवं निर्माण कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न मोटर मार्गों की मरम्मत, नालियों के निर्माण और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत की आवश्यकता बताई। क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन सिंह चौहान ने धारपाया-कोठी मोटर मार्ग पर डामरीकरण, नालियों के निर्माण और सुरक्षा दीवारों से संबंधित कार्य कराने की मांग रखी।
डागर पट्टी में लोक निर्माण विभाग की सड़कों से प्रभावित सिंचाई नहरों की मरम्मत, प्रभावित काश्तकारों को नियमानुसार मुआवजा देने और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत का विषय भी उठाया गया। प्रधान संगठन के अध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने कीर्तिनगर से नैनीसैंण तक मोटर मार्ग पर नालियों का निर्माण कराने की आवश्यकता बताई।
शिक्षा के क्षेत्र में इंटर कॉलेज पीपलीधार में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत की मांग रखी गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
अंचला खंडेवाल और वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी बैठकों में विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और उन पर की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को बैठक(BDC Meeting) में उठाए गए सभी विषयों पर सक्रियता से कार्य करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। विकासखंड स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक(BDC Meeting) के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान, ज्येष्ठ प्रमुख जगत नारायण रतूड़ी, कनिष्ठ प्रमुख प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

